रील देखने को लेकर विवाद के बाद गर्भवती महिला की मौत, पति पर मारपीट का आरोप
आरा/भोजपुर से एशियन टाइम्स रिपोर्ट
बिहार के भोजपुर जिले के आरा शहर में एक गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के उजियार टोला स्थित बिंदा टोली मोहल्ले की बताई जा रही है। मृतका की पहचान पटना जिले के महीनावां गांव निवासी 22 वर्षीय पार्वती देवी के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच मोबाइल पर रील देखने को लेकर विवाद हुआ था। मृतका के पति गोविंद महतो ने बताया कि पार्वती मोबाइल मांग रही थी, लेकिन मना करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी विवाद के बाद महिला ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया।
वहीं मृतका के मायके पक्ष ने मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के भाई का कहना है कि पति ने पार्वती के साथ मारपीट की थी और मोबाइल फोन को लेकर अक्सर विवाद होता था। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना के बाद महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतका के दो छोटे बच्चे भी हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है।
Asian times

लगातार इस मामले से जुड़ी हर अपडेट आप तक पहुंचाता रहेगा।
Author: BiharlocalDesk
ASAIN TIMES NEWS NETWORK






