पटना: बिहार में आरक्षण को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार के मंत्री लखेंद्र पासवान ने चिराग पासवान और जीतन राम मांझी पर तीखा हमला बोला है। दोनों नेताओं के बीच आरक्षण के मुद्दे पर जारी बयानबाजी को लेकर लखेंद्र पासवान ने सवाल उठाया कि आखिर दोनों नेताओं ने अपने परिवार के अलावा अपनी कम्युनिटी के कितने लोगों को आगे बढ़ाया है।
लखेंद्र पासवान ने कहा कि वह चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के बयानों पर टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन दोनों नेताओं को यह बताना चाहिए कि परिवार से बाहर दलित-महादलित समाज के कितने लोगों को अवसर और राजनीतिक पहचान दिलाने का काम किया गया है।

आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा का पक्ष रखते हुए मंत्री ने कहा, “भाजपा है तो आरक्षण है।” उनके इस बयान को आरक्षण के सवाल पर भाजपा की स्थिति को मजबूती से रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
वहीं, मंत्री संजय सिंह की ओर से तेज प्रताप यादव को कानूनी नोटिस दिए जाने के सवाल पर भी लखेंद्र पासवान ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि बिना सबूत किसी मंत्री या बिहार कैबिनेट को बदनाम करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर किसी के पास आरोपों से जुड़े ठोस सबूत हैं तो उन्हें सार्वजनिक करना चाहिए।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दिल्ली दौरे पर लखेंद्र पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री जब भी दिल्ली जाते हैं, बिहार के लिए किसी न किसी तरह की सौगात लेकर लौटते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी केंद्र सरकार से बिहार को महत्वपूर्ण सहायता और योजनाओं का लाभ मिलेगा।
@MUSKAN KUMARI





