पटना: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के लिए राज्य सरकार द्वारा दी गई समयसीमा सोमवार, 15 जून को समाप्त हो रही है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर उत्सुकता बनी हुई है कि क्या राबड़ी देवी निर्धारित समय के भीतर आवास खाली करेंगी या फिर मामला नया राजनीतिक मोड़ लेगा।
भवन निर्माण विभाग ने 30 मई को नोटिस जारी कर राबड़ी देवी को 15 दिनों के भीतर आवास खाली करने का निर्देश दिया था। विभाग का कहना है कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में उन्हें पहले ही 39 हार्डिंग रोड स्थित नया सरकारी आवास आवंटित किया जा चुका है।

करीब दो दशकों से लालू-राबड़ी परिवार का निवास रहे 10 सर्कुलर रोड बंगले को हाल ही में पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम के नाम आवंटित किए जाने के बाद विवाद और गहरा गया। शुरुआती दौर में राबड़ी देवी ने बंगला खाली करने से इनकार करते हुए सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया था, जबकि राजद ने इस मुद्दे पर कानूनी लड़ाई की बात कही थी।
हालांकि, हाल के दिनों में राजद नेताओं और परिवार की ओर से संकेत मिले हैं कि आवास खाली करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और सामान अन्य स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। इसके बावजूद राबड़ी आवास के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगातार बना हुआ है।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि समयसीमा समाप्त होने के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है और क्या लालू-राबड़ी परिवार औपचारिक रूप से 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली कर देता है।
@MUSKAN KUMARI






