गया: अफसर प्रशिक्षण अकादमी (OTA), गया में शनिवार को शॉर्ट सर्विस कमीशन (टेक्निकल) पुरुष एवं महिला के चौथे बैच की पासिंग आउट परेड गरिमामय और देशभक्ति से ओत-प्रोत माहौल में आयोजित हुई। अनुशासन, जोश और सैन्य परंपराओं के बीच कुल 253 अफसर कैडेटों ने अंतिम पग पार कर भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया और राष्ट्रसेवा के नए अध्याय की शुरुआत की।

परेड में SSC (टेक्निकल) पुरुष-65 के 218 और SSC (टेक्निकल) महिला-36 की 35 अफसर कैडेटों ने हिस्सा लिया। सैन्य धुनों और कदमताल के बीच कैडेटों के अनुशासन और आत्मविश्वास ने सभी को प्रभावित किया। अंतिम पग पार करते ही पूरा परिसर देशभक्ति के जज्बे से भर उठा।
समारोह में वियतनाम पीपुल्स आर्मी के जनरल स्टाफ के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मुख्य समीक्षा अधिकारी के रूप में शामिल हुए। उन्होंने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया।

अकादमी अंडर अफसर पी. शशि कुमार को सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुने जाने पर प्रतिष्ठित स्वॉर्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। उन्होंने पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया और उन्हें गोरखा राइफल्स में कमीशन मिला।
वहीं, ऑर्डर ऑफ मेरिट में दूसरे स्थान पर रहे दीपक सिंह रावत को राजपूत रेजिमेंट में कमीशन मिला, जबकि तीसरे स्थान पर रहे नवनीत सिंह ने पैरा स्पेशल फोर्सेस में कमीशन हासिल किया।
पासिंग आउट परेड के बाद आयोजित पिपिंग समारोह भावुक कर देने वाला रहा। अपने बेटे-बेटियों के कंधों पर सितारे चमकते देखकर परिवार के सदस्यों की आंखें गर्व और खुशी से नम हो गईं। वर्षों की कड़ी मेहनत और कठिन प्रशिक्षण के बाद ये 253 युवा अधिकारी अब देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए भारतीय सेना का हिस्सा बन गए हैं।
@MUSKAN KUMARI






