मोकामा विधानसभा क्षेत्र से जदयू विधायक अनंत सिंह ने गुरुवार सुबह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात की। अनंत सिंह नीतीश कुमार के आवास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई। मुलाकात को फिलहाल शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, लेकिन बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच इसे अहम माना जा रहा है।
मुलाकात के बाद सामने आई तस्वीरों में नीतीश कुमार खुद अनंत सिंह को अपने आवास के बाहर तक छोड़ते नजर आए। दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से व्यक्तिगत और राजनीतिक संबंध रहे हैं। अनंत सिंह को नीतीश कुमार का पुराना सहयोगी माना जाता है।

अनंत सिंह 2005 में पहली बार जदयू के टिकट पर मोकामा से विधायक चुने गए थे। इसके बाद से वे मोकामा की राजनीति में प्रभावशाली चेहरा बने हुए हैं। बताया जा रहा है कि मुलाकात के दौरान पार्टी से जुड़े मुद्दों और बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा हुई, हालांकि बातचीत का आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है।
हाल ही में बांकीपुर विधानसभा चुनाव में भाजपा की हार के बाद अनंत सिंह का बयान भी सुर्खियों में रहा था। उन्होंने कहा था कि बिहार के लोगों के बीच यह संदेश गया है कि नीतीश कुमार को जबरदस्ती मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया। ऐसे में दोनों नेताओं की यह मुलाकात बिहार की राजनीति में नए कयासों को जन्म दे रही है।
हालांकि, फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से इसे सिर्फ शिष्टाचार मुलाकात ही बताया गया है।
@MUSKAN KUMARI






