दिल्ली के रोहिणी में दिनदहाड़े 35 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, मॉल के पास वारदात से मचा हड़कंप
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अपराध की एक गंभीर घटना सामने आई है। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-10 में स्थित यूनिटी वन मॉल के पास अज्ञात हमलावरों ने 35 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतक की पहचान पिंटू के रूप में हुई
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 35 वर्षीय पिंटू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने सड़क पर उन्हें रोककर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिंटू को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलते ही प्रशांत विहार थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास के शॉपिंग मॉल, दुकानों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
ASIAN TIMES | सच की आवाज़
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






