लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क हादसा: मैजिक और ट्रक की टक्कर में 10 लोगों की मौत
Lakhimpur Kheri में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर अदलीसपुर गांव के पास हुआ, जहां एक मैजिक वाहन और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैजिक वाहन लखीमपुर से सिसैया की ओर जा रहा था। इसी दौरान बहराइच की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे में 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। कई शवों की हालत बेहद भयावह थी। कुछ लोगों के सिर फट गए, जबकि एक व्यक्ति का चेहरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दो लोग टक्कर के बाद वाहन से उछलकर सड़क पर जा गिरे।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत राहत कार्य में जुट गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और राहत टीम ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






