योगी सरकार का बड़ा ऐलान: 25 लाख छात्रों को मिलेंगे टैबलेट, लखनऊ में 50 हजार विद्यार्थियों को आज होगा वितरण
लखनऊ, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत प्रदेश के छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरण अभियान की शुरुआत करेंगे। इस अभियान के तहत प्रदेशभर में 25 लाख टैबलेट वितरित किए जाने का लक्ष्य है।
कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम स्थल पहुंच चुके हैं। पहले चरण में आज करीब 50 हजार छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए जाएंगे।
300 कॉलेजों के विद्यार्थी होंगे शामिल
इस कार्यक्रम में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के करीब 300 कॉलेजों के विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद हैं।
केशव मौर्य ने सपा सरकार पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान योजनाओं का लाभ धर्म देखकर दिया जाता था। उनके मुताबिक, हिंदू बच्चों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था, जबकि मुस्लिम बच्चों को लाभ दिया जाता था।
डिजिटल शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का कहना है कि टैबलेट वितरण योजना का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना, ऑनलाइन पढ़ाई को आसान बनाना और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद करना है।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






