रैपिडो बुकिंग के नाम पर लूट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; मोबाइल, चाकू और बाइक बरामद

पटना।
रामकृष्णानगर, कंकड़बाग समेत आसपास के थाना क्षेत्रों में बीते करीब दस दिनों से Rapido बुकिंग के नाम पर हो रही लगातार लूट की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था। रात के समय लोगों को रैपिडो बुकिंग के जरिए सुनसान स्थानों पर बुलाकर चाकू व हथियार का भय दिखाकर मोबाइल और नकदी लूट ली जा रही थी, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त था।

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष छापेमारी अभियान चलाया। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू कुमार (उम्र करीब 25 वर्ष), पिता रामप्रवेश राम, निवासी सुंदर बिगहा, थाना नूरसराय, जिला नालंदा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया है। इसके अलावा वह मोबाइल भी जब्त किया गया है, जिसके माध्यम से लूट की रकम फोन-पे के जरिए ट्रांसफर की गई थी। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक चाकू, बाइक की चाबी तथा हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR01JP 6570) बरामद की गई। पुलिस के अनुसार इसी बाइक का इस्तेमाल लूट की वारदातों को अंजाम देने में किया जाता था।

जांच में सामने आया है कि आरोपी रैपिडो बुकिंग के माध्यम से लोगों को रात के समय सुनसान इलाकों में बुलाता था और वहां चाकू दिखाकर मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो जाता था। आरोपी अकेले ही वारदात करता था या उसके साथ अन्य लोग भी शामिल हैं—इस बिंदु पर पुलिस गहन जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है, ताकि उसके अन्य साथियों और संभावित गिरोह से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हो सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से इलाके में हुई कई लूट की घटनाओं का पर्दाफाश होने की उम्मीद है। आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि रात के समय विशेष सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Noida Desk
Author: Noida Desk

मुख्य संपादक (Editor in Chief)

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल