झारखंड विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए आज सुबह 7 बजे से राज्य की 15 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। इन सीटों पर दो प्रमुख मंत्रियों सहित कुल 221 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। माधेपुर, देवघर, गांडेय, बोकारो, चंदनकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया और बाघमारा विधानसभा क्षेत्र पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होंगे। वहीं, बगोदर, जमुआ, गिरिडीह, डुमरी और टुंडी विधानसभा क्षेत्र पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होंगे।
मधुपुर सीट पर राज्य के श्रम मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार राज पालीवार का मुख्य मुकाबला झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार हुसैन अंसारी से होने की संभावना है। वहीं, चंदनकियारी सीट पर मुख्य मुकाबला राजस्व मंत्री अमर कुमार बावरी और आजसू के उम्मीदवार उमाकांत रजक के बीच होने की संभावना है।
झरिया सीट पर एक ही परिवार की दो महिलाओं के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल सकती है जहां भाजपा ने रागिनी सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने पूर्णिमा नीरज सिंह को टिकट दिया है। रागिनी भगवा पार्टी के मौजूदा विधायक संजीव सिंह की पत्नी हैं। सिंह अपने चचेरे भाई नीरज सिंह (कांग्रेस नेता) की हत्या के मामले में जेल में हैं।