कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बरतराई गांव में आज मधुमक्खियों के हमले में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। इनमें से दो को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिले के उपरोड़ा विकासखंड के अंतर्गत कुटेश्वर नगोई पंचायत के गांव बरतराई में मधुमक्खियों ने इन लोगों पर घर में हमला किया। बताया गया कि गांव के एक हिस्से में मधुमक्खियों का छत्ता काफी समय से मौजूद है। छत्ते के नजदीक रहने वाले एक परिवार के चार लोग मधुमक्खियों के शिकार हो गए। इनमें दो बच्चे भी शामिल है।
ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी तो डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पीडि़तों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक चिकित्सा के बाद दो की स्थिति चिंताजनक पाते हुए संबंधितों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। बताया गया कि मधुमक्खियों का विष पीड़ितों के शरीर के भीतर फैलने से रोकने के लिए चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।