हरियाणा में अपने प्रेमी द्वारा छोड़ दिए जाने के बाद 21 वर्षीय गर्भवती महिला (काल्पनिक नाम उर्मिला) न्याय की तलाश में 1200 किलोमीटर का सफर तय कर बिहार के दरभंगा पहुंच गई। उर्मिला ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह करीब 8.5 महीने की गर्भवती है और उसका प्रेमी अजीत शर्मा उसे अकेला छोड़कर बिहार भाग आया, जहां उसने दूसरी शादी कर ली। पीड़िता का कहना है कि उसने लंबे समय तक अजीत पर भरोसा करते हुए उसके साथ जीवन बिताने की उम्मीद की थी, परंतु अब वह खुद और अपने होने वाले बच्चे के भविष्य को लेकर परेशान है।

उर्मिला मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले की रहने वाली है। साल 2022 में उसकी शादी दरभंगा जिले के कटका गांव निवासी रितेश ठाकुर से हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद उसके पति रितेश ने उसे बताया कि उसका दोस्त अजीत शर्मा अक्सर उनके घर आता-जाता है। रितेश के अनुसार इसी दौरान अजीत और उर्मिला के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में मामला विवादों तक पहुंच गया। आरोप है कि अजीत ने उर्मिला की तस्वीरें खींचकर उसे ब्लैकमेल किया और इसी दबाव में दोनों के बीच अवैध संबंध बने।
उर्मिला का कहना है कि वह उस समय समझ नहीं पा रही थी कि क्या सही है और क्या गलत, लेकिन परिस्थितियों के चलते उसका वैवाहिक संबंध टूट गया और पति ने उसे छोड़ दिया। तलाक के बाद वह अजीत के साथ रहने लगी और दोनों दिल्ली तथा हरियाणा के विभिन्न इलाकों में किराए पर रहते रहे। इस दौरान उर्मिला ने नौकरी करके घर खर्च चलाया, जबकि अजीत उसकी कमाई पर निर्भर रहने लगा। पीड़िता का आरोप है कि अजीत उसके पैसे लेने के साथ-साथ उस पर मानसिक दबाव भी डालता था।
उर्मिला की जिंदगी में बड़ा बदलाव तब आया जब वह गर्भवती हुई। वह करीब आठ महीने की गर्भवती हो चुकी थी, तभी अचानक अजीत बिना बताए हरियाणा से गायब हो गया। काफी तलाश के बाद उर्मिला को पता चला कि अजीत दरभंगा स्थित अपने घर लौट गया है। पीड़िता ने बताया कि जब उसने फोन और मैसेज के जरिए उससे संपर्क करने की कोशिश की, तो अजीत ने बात करने से इनकार कर दिया। लगभग एक महीने बाद अजीत ने मैसेंजर पर उसे बताया कि अब वह दूसरी शादी कर चुका है और उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहता।
इस खबर से सदमे में आई उर्मिला तुरंत दरभंगा पहुंची और अजीत के घर गई, लेकिन वहां भी उसे निराशा ही हाथ लगी। आरोप है कि अजीत और उसके परिवार वालों ने न केवल उससे बात करने से इनकार किया, बल्कि उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता ने सीधे सिंघवाड़ा थाना पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। उसने अपनी पूरी कहानी बताते हुए न्याय दिलाने की मांग की।
सिंघवाड़ा थाना प्रभारी वसंत कुमार ने बताया कि महिला की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और अजीत शर्मा से पूछताछ के लिए टीम तैनात की गई है। उन्होंने कहा कि मामला संवेदनशील है और गर्भवती पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता से काम कर रही है।
इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला की हालत और उसकी कहानी यह दिखाती है कि प्रेम संबंधों में धोखे और शोषण के मामले किस तरह बढ़ते जा रहे हैं। परिवार और समाज का भी कहना है कि पीड़िता को पूरी सुरक्षा और कानूनी सहायता मिलनी चाहिए, ताकि वह अपने बच्चे और खुद के भविष्य को सुरक्षित कर सके।
मामले के प्रकाश में आने के बाद जिले में चर्चा का विषय बन गया है। अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि पुलिस जांच के बाद क्या कार्रवाई करती है और पीड़िता को न्याय कब तक मिलता है।
@Tanya Singh
Author: BiharlocalDesk
ASAIN TIMES NEWS NETWORK







