नोएडा:
साइबर ठगों ने बैंक कर्मचारी बनकर एक व्यक्ति को 10 हजार रुपये के Amazon रिवॉर्ड पॉइंट का लालच दिया और उनके क्रेडिट कार्ड से 5.44 लाख रुपये निकाल लिए। मामला नोएडा के सेक्टर-11 का है। आरोपी ने खुद को HDFC बैंक का प्रतिनिधि बताकर पीड़ित को फर्जी वेबसाइट का लिंक भेजा था। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
HDFC बैंक कर्मचारी बनकर किया फोन
सेक्टर-11 निवासी तवेंद्र चंद्रा सक्सेना ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने अपना नाम राहुल सिंह बताया और खुद को HDFC बैंक का कर्मचारी बताया।
आरोपी ने कहा कि नया HDFC डिनर्स क्लब प्रिविलेज क्रेडिट कार्ड जारी होने पर उन्हें 10 हजार रुपये के Amazon रिवॉर्ड पॉइंट मिल सकते हैं। इसके लिए रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
फर्जी वेबसाइट के जरिए हासिल की कार्ड की जानकारी
पीड़ित के मुताबिक, आरोपी को उनके नए क्रेडिट कार्ड की डिलीवरी और कार्ड नंबर की जानकारी पहले से थी। उनका कार्ड ब्लू डार्ट के जरिए डिलीवर हुआ था।
इसी जानकारी का इस्तेमाल कर आरोपी ने उनका भरोसा जीता और एक लिंक भेजा। लिंक खोलने पर वेबसाइट HDFC बैंक की आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखाई दे रही थी। पीड़ित ने उस पर अपनी व्यक्तिगत और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी भर दी।
22 मिनट में दो बार निकाले रुपये
जानकारी भरते ही साइबर ठगों ने दो ट्रांजेक्शन के जरिए बड़ी रकम निकाल ली।
- रात 9:35 बजे: 2,71,835 रुपये निकाले गए।
- रात 9:57 बजे: 2,72,592 रुपये निकाले गए।
इस तरह महज 22 मिनट के भीतर क्रेडिट कार्ड से कुल 5,44,427 रुपये की ठगी कर ली गई।
कार्ड ब्लॉक कराया, साइबर क्राइम थाने में शिकायत
खाते से रकम निकलने का पता चलते ही पीड़ित ने अपना क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराया और HDFC बैंक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई।
शुक्रवार को पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस उन बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर हुई है। इस मामले में निजी बैंक के अधिकारियों से भी संपर्क किया गया है।
साइबर सुरक्षा सलाह: बैंक कर्मचारी बनकर फोन करने वाले अनजान लोगों को अपने क्रेडिट कार्ड की जानकारी, CVV और OTP कभी साझा न करें। किसी भी रिवॉर्ड पॉइंट को रिडीम करने के लिए केवल बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप का इस्तेमाल करें।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






