लखनऊ:
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शादी से इनकार करने पर एक सिरफिरे युवक ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। हुसैनगंज के उदयगंज इलाके में रविवार तड़के करीब 3 बजे आरोपी ने एक घर में घुसकर 20 वर्षीय 12वीं की छात्रा पर तेजाब से हमला कर दिया। बेटी की चीख सुनकर उसे बचाने पहुंचे माता-पिता पर भी आरोपी ने तेजाब फेंका और चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में परिवार के कई सदस्य घायल हो गए।
छत के रास्ते घर में घुसा आरोपी
जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान 35 वर्षीय तौसिफ शाह उर्फ मन्ना के रूप में हुई है। वह पीड़ित छात्रा का रिश्ते में चाचा लगता है और घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर रहता है।
परिवार के मुताबिक, आरोपी छत के रास्ते घर में दाखिल हुआ। इसके बाद उसने सबसे पहले छात्रा पर तेजाब फेंका। बेटी की चीख-पुकार सुनकर माता-पिता उसे बचाने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी तेजाब फेंक दिया और चाकू से हमला कर दिया।
शादी के लिए बना रहा था दबाव
परिवार का आरोप है कि आरोपी छात्रा से शादी करना चाहता था, जबकि छात्रा और उसका परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे। आरोपी की उम्र छात्रा से करीब 15 साल अधिक बताई जा रही है। शादी से इनकार करने के बावजूद वह लगातार शादी की जिद पर अड़ा हुआ था।
घायल मां ने आरोपी को पकड़ा
वारदात के बाद जब आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, तभी घायल मां ने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी भी तेजाब से झुलस गया। इसके बाद उसने अपने दाहिने हाथ की नस काट ली।
पांच लोगों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी समेत पांच घायलों को इलाज के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में भर्ती कराया।
घायलों में 20 वर्षीय छात्रा, उसके पिता शाहनवाज (40), मां (40), भाई और आरोपी तौसिफ शाह शामिल हैं।
पीड़िता के पिता शाहनवाज कारपेंटर का काम करते हैं, जबकि आरोपी कंप्यूटर मेंटेनेंस का काम करता है।
फिलहाल इस घटना ने राजधानी लखनऊ में महिलाओं की सुरक्षा और शादी के नाम पर जबरन दबाव बनाने जैसी गंभीर समस्या को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






