लखनऊ: पथरी के ऑपरेशन के बाद 55 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों का हंगामा; डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पथरी के ऑपरेशन के बाद 55 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे वर्मा हॉस्पिटल से चरक हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से नाराज परिजनों ने निजी अस्पताल में जमकर हंगामा किया और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। मामला पारा थाना क्षेत्र का है।

एक दिन पहले पथरी की समस्या पर हुई थी भर्ती

मृतका की पहचान जमुना देवी (55) के रूप में हुई है। वह काकोरी थाना क्षेत्र के मौदा गांव निवासी किसान चंद्रपाल की पत्नी थीं।

परिजनों के मुताबिक, जमुना देवी को पित्त की थैली में पथरी की समस्या थी। शुक्रवार दोपहर उन्हें पारा थाना क्षेत्र स्थित वर्मा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिवार का कहना है कि उन्हें किसी अन्य गंभीर बीमारी की शिकायत नहीं थी।

ऑपरेशन के बाद बिगड़ी हालत, दूसरे अस्पताल में रेफर

परिजनों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2 बजे जमुना देवी का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

हालत गंभीर होने पर शाम करीब 6:30 बजे अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें चरक हॉस्पिटल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार को उनकी मौत की जानकारी दी गई।

इलाज में लापरवाही का आरोप, अस्पताल में हंगामा

महिला की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और वर्मा हॉस्पिटल पहुंचकर हंगामा किया। उनका आरोप है कि अस्पताल में सरकारी स्वास्थ्य कार्ड से इलाज करने की बात कही गई थी, लेकिन ऑपरेशन से पहले करीब 8 हजार रुपये की जांच कराई गई।

परिजनों ने ऑपरेशन और इलाज के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

मौके पर पहुंची पुलिस, मामले की जांच जारी

हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने डायल-112 पर भी सूचना दी थी। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों और इलाज में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस और संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

ASIAN TIMES | लखनऊ

Noida Desk
Author: Noida Desk

मुख्य संपादक (Editor in Chief)

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल