नालंदा (बिहार): बिहार के नालंदा जिले के राजगीर में 16 साल की किशोरी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार को किशोरी का शव राजगीर थाना क्षेत्र के मटिहानी खंधा के सुनसान इलाके में मिला। पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आने की बात कही जा रही है। इस मामले में पुलिस ने मृतका की मां और भाई को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
मृतका की पहचान पावापुरी ओपी क्षेत्र के दशरथपुर गांव निवासी स्व. नायक सिंह की बेटी अंजलि कुमारी के रूप में हुई है।
राजगीर महोत्सव दिखाने के बहाने घर से लेकर आए थे
पुलिस के अनुसार, शनिवार को मृतका की मां निर्मला देवी और भाई नवीन कुमार उसे राजगीर महोत्सव दिखाने के बहाने घर से लेकर आए थे। आरोप है कि उन्होंने पहले से दो अन्य लोगों को मटिहानी खंधा के पास बुला रखा था।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि सुनसान इलाके में किशोरी के सिर पर लाठी-डंडे से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई।
मां और भाई को डायल-112 की टीम ने पकड़ा
राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे डायल-112 की टीम को मटिहानी खंधा के पास एक नाबालिग का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इसी दौरान दो संदिग्ध लोगों के वहां से भागने की जानकारी भी मिली।
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। बाद में पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। पकड़े गए लोगों से पूछताछ में मृतका की पहचान उनकी बेटी और बहन के रूप में हुई।
प्रेम-प्रसंग के एंगल से जांच कर रही पुलिस
डीएसपी के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में चार लोगों के इस वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि किशोरी के प्रेम संबंधों को लेकर परिवार में नाराजगी थी। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह की पुष्टि विस्तृत जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगी।
खून लगा डंडा बरामद, FSL ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने FSL टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से खून लगा एक डंडा भी बरामद किया है।
फिलहाल मां निर्मला देवी और भाई नवीन कुमार से पूछताछ की जा रही है। फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
मां ने पहले बताई थी अज्ञात युवक के हमले की कहानी
पुलिस हिरासत में लिए जाने से पहले मृतका की मां निर्मला देवी ने अलग कहानी बताई थी। उसके अनुसार, वह अपने बेटे और बेटी के साथ राजगीर महोत्सव घूमने आई थी। लौटते समय शॉर्टकट रास्ते से खंधा होकर जा रहे थे।
उसने दावा किया था कि पीछे से आए किसी अज्ञात युवक ने डंडे से हमला कर अंजलि की हत्या कर दी और फरार हो गया।
हालांकि, पुलिस को शुरुआती जांच में मां की बताई कहानी पर संदेह हुआ। अब पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
ASIAN TIMES | नालंदा, बिहार
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






