पटना PMCH में डॉक्टरों और जज के बीच भिड़ंत, गाड़ी का शीशा टूटा; जूनियर डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल
पटना: बिहार की राजधानी पटना स्थित PMCH (पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) में बुधवार को डॉक्टरों और एक जज के बीच जमकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। इस दौरान जज की गाड़ी का शीशा भी तोड़े जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद अस्पताल में तनाव का माहौल बन गया।
क्या है पूरा मामला?
घटना के बाद PMCH के जूनियर डॉक्टरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (JDA) के अध्यक्ष डॉ. सत्यम कुमार ने कहा कि जब तक इस मामले में कानूनी कार्रवाई नहीं होती, तब तक इमरजेंसी समेत सभी विभागों में कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलने के बाद पीरबहोर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल परिसर में अफरातफरी की स्थिति को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल मामले को शांत कराने और स्थिति पर नियंत्रण रखने की कोशिश की जा रही है।
दोनों पक्षों ने लगाए गंभीर आरोप
इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं। जूनियर डॉक्टरों का आरोप है कि ICU के निर्धारित नियमों का उल्लंघन किया गया और डॉक्टरों व सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट एवं दुर्व्यवहार हुआ। वहीं, महिला अधिवक्ता ने डॉक्टरों और सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट तथा दुर्व्यवहार के आरोप लगाए हैं।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अस्पताल में मरीजों का इलाज कैसे होगा? डॉक्टरों की सुरक्षा और मरीजों के इलाज, दोनों की जिम्मेदारी प्रशासन की है। जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
Asian Times
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)







