लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को विमान हादसे जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान विमान की लैंडिंग फेल होने के बाद दुर्घटना का काल्पनिक दृश्य तैयार किया गया। अलर्ट जारी होते ही दमकल की गाड़ियां, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। आग बुझाने से लेकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक की पूरी प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
‘साहस-2026’ के तहत हुआ पूर्णस्तरीय मॉक ड्रिल
एयरपोर्ट पर आयोजित इस पूर्णस्तरीय एयरोड्रोम इमरजेंसी एक्सरसाइज को ‘साहस-2026’ नाम दिया गया। अभ्यास सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चला। इसमें करीब 250 अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य विमान दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता और आपसी समन्वय की जांच करना था।
लैंडिंग फेल होते ही बजा अलर्ट, मौके पर पहुंचीं टीमें
अभ्यास के दौरान विमान की लैंडिंग फेल होने और दुर्घटना के बाद आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल, फायर फाइटिंग टीम, CISF और मेडिकल टीमें सक्रिय हो गईं।
दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभ्यास किया, जबकि रेस्क्यू टीम ने विमान में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया अपनाई। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया गया।
NDRF, SDRF और पुलिस समेत कई एजेंसियां शामिल
इस मॉक ड्रिल में एयरपोर्ट प्रशासन, CISF, NDRF, SDRF, यूपी पुलिस, अग्निशमन विभाग और जिला प्रशासन की टीमें शामिल हुईं।
इसके अलावा सरोजनी नगर अग्निशमन केंद्र, डायल-112 और एयरफोर्स स्टेशन बख्शी का तालाब के कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया। चंदन हॉस्पिटल और ओपी चौधरी हॉस्पिटल की मेडिकल टीमें भी आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था के लिए मौजूद रहीं।
आधुनिक उपकरणों से परखी गई बचाव व्यवस्था
मॉक ड्रिल के दौरान फायर टेंडर, एंबुलेंस, रेस्क्यू वाहन और आधुनिक अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल किया गया। इसके जरिए यह परखा गया कि किसी वास्तविक विमान हादसे की स्थिति में राहत और बचाव कार्य कितनी तेजी से शुरू किया जा सकता है।
अभ्यास में विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल, संचार व्यवस्था और आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता की भी जांच की गई।
एयरपोर्ट पर आयोजित ‘साहस-2026’ का मुख्य उद्देश्य किसी वास्तविक विमान दुर्घटना की स्थिति में जान-माल के नुकसान को कम करना और यात्रियों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालने की तैयारियों को मजबूत करना था।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)











