पटना, बिहार। छठ व्रती महिलाओं और बिहार की महिलाओं को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी करना राजस्थान के यूट्यूबर और स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी को भारी पड़ गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और लोगों के विरोध के बाद पटना साइबर थाने में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है।
21 नवंबर को अपलोड किया गया था विवादित वीडियो
जानकारी के मुताबिक, यश माहेश्वरी ने 21 नवंबर को अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया था। बताया जा रहा है कि यह दिल्ली में आयोजित उनके स्टैंड-अप कॉमेडी शो का वीडियो था। इसमें उन्होंने बिहार की महिलाओं के सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियां की थीं।
वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि ‘बिहार की महिलाएं पिटने में एक्सपर्ट हैं।’ उनकी इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने इसे बिहार की महिलाओं और छठ महापर्व की सांस्कृतिक परंपराओं का अपमान बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विवाद बढ़ने पर वीडियो हटाया, मांगी माफी
लगातार बढ़ते विरोध के बाद यश माहेश्वरी ने विवादित वीडियो सोशल मीडिया से हटा लिया। इसके बाद उन्होंने एक माफीनामा जारी करते हुए अपनी टिप्पणी को गलती बताया।
उन्होंने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर उन्हें इस तरह की बातें नहीं कहनी चाहिए थीं। उन्होंने अपनी टिप्पणी की पूरी जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि उनकी ओर से यह 100 प्रतिशत गलती थी।
यश ने अपनी सफाई में यह भी कहा कि वह भविष्य में इस तरह का कोई कंटेंट पोस्ट नहीं करेंगे और आगे से अपनी बातों का विशेष ध्यान रखेंगे।
पटना साइबर पुलिस ने दर्ज किया केस
माफी मांगने और वीडियो हटाने के बावजूद मामला शांत नहीं हुआ। पटना साइबर थाने की पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए यूट्यूबर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
इस मामले ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, कॉमेडी के नाम पर टिप्पणी और महिलाओं की गरिमा से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना होगा कि पटना पुलिस इस मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई करती है।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






