पटना जिले के दानापुर इलाके में 19 वर्षीय कॉलेज छात्र की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के फुटानी बाजार गांव की है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मृतक की पहचान अविनाश कुमार के रूप में हुई है। वह स्नातक की पढ़ाई कर रहा था।
फोन आने के बाद घर से निकला था छात्र
परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम करीब सात बजे अविनाश के मोबाइल पर किसी का फोन आया था। फोन पर बातचीत के दौरान वह पास के देवी चौरा मंदिर जाने की बात कहकर घर से निकला था।
कुछ समय बाद परिवार को सूचना मिली कि कुछ लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो अविनाश सड़क पर मृत अवस्था में मिला।
चार लोगों की गिरफ्तारी
मृतक के पिता दिलीप कुमार राम ने छह ग्रामीणों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में विनय कुमार, राहुल कुमार, उपेंद्र राम और सुधेश्वर राम को गिरफ्तार किया है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






