राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। घटना हिंदुनी गांव स्थित तालाब की है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चियां तालाब में नहाने गई थीं। इसी दौरान एक बच्ची गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में दूसरी और तीसरी बच्ची भी पानी में उतर गईं। देखते ही देखते तीनों गहरे पानी में डूब गईं।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से तीनों बच्चियों को तालाब से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान बेली कुमारी (18), मौली कुमारी (17) और सृष्टि कुमारी (8) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए AIIMS पटना भेजा। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






