बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली छोड़ने के लिए 1 दिसंबर से चलेगा विशेष अभियान, CM सम्राट चौधरी ने किया ऐलान
पटना: बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। राज्य सरकार आगामी 1 दिसंबर 2026 से विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत आर्थिक रूप से संपन्न परिवारों और आयकरदाताओं से स्वेच्छा से मुफ्त बिजली की सब्सिडी छोड़ने की अपील की जाएगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को पटना में दीपावली के अवसर पर दलित बस्ती के दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि जो लोग आर्थिक रूप से सक्षम हैं, वे राज्य के विकास में योगदान देने के उद्देश्य से 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ स्वेच्छा से छोड़ सकते हैं।
हर परिवार को सालाना करीब 10 हजार रुपये की सब्सिडी
मुख्यमंत्री के मुताबिक, सरकार प्रत्येक परिवार को बिजली सब्सिडी के रूप में सालाना करीब 10 हजार रुपये का लाभ दे रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार बिजली सब्सिडी पर हर साल लगभग 23 हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर जिस तरह लोगों ने स्वेच्छा से एलपीजी गैस सब्सिडी छोड़ी थी, उसी तर्ज पर बिहार में भी संपन्न परिवारों से बिजली सब्सिडी छोड़ने की अपील की जा रही है।
सब्सिडी छोड़ने वालों को मिलेगा सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो उपभोक्ता स्वेच्छा से मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ेंगे, सरकार उनके योगदान को मान्यता देगी। ऐसे लोगों को राज्य के विकास में योगदान देने वाले दाता के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
गरीब परिवारों को मिलता रहेगा मुफ्त बिजली का लाभ
सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा जारी रहेगी। संपन्न परिवारों से केवल स्वेच्छा से सब्सिडी छोड़ने की अपील की जा रही है। यह किसी भी उपभोक्ता के लिए अनिवार्य नहीं बताया गया है।
ASIAN TIMES | बिहार की हर बड़ी खबर सबसे पहले।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)






