सुल्तानपुर। जिले में 28 सितंबर को हुई शिक्षक दंपती मुकेश सिंह और उनकी पत्नी विनिता सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में स्कूल के बस ड्राइवर राकेश कुमार यादव और उसके साथी आशीष उर्फ डब्ल्यू यादव को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राकेश स्कूल में बस चलाने के साथ बच्चों को कंप्यूटर भी पढ़ाता था। पुलिस जांच में सामने आया कि राकेश को स्कूल के कार्यालय और अलमारी की जानकारी थी। आरोप है कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर स्कूल में चोरी की योजना बनाई थी।
अलमारी की चाबी बनी हत्या की वजह
बताया गया कि 28 सितंबर की रात राकेश स्कूल के कार्यालय में अलमारी खोलकर चोरी करने पहुंचा था। इसी दौरान प्रिंसिपल की पत्नी विनिता सिंह ने उसे देख लिया और विरोध किया। आरोप है कि राकेश ने उन्हें चुप रहने को कहा, लेकिन उन्होंने शोर मचाकर अपने पति मुकेश सिंह को बुला लिया।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दंपती पर फावड़े और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई।
हत्या के बाद फरार हो गए आरोपी

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जांच के दौरान स्कूल स्टाफ और आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को राकेश पर शक हुआ।
जांच के दौरान पुलिस को एक चप्पल भी मिली, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंचने में मदद मिली। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी से वारदात से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं।
पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
पुलिस ने सोमवार दोपहर करीब 1:15 बजे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। पुलिस का कहना है कि हत्या में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)







