पटना, 27 सितंबर 2026: पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान हथियार के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और एक बजाज पल्सर बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे कंकड़बाग थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान करीब 11:55 बजे बजाज पल्सर बाइक पर सवार दो युवक पुलिस की चेकिंग देखकर अचानक बाइक मोड़कर मलाही पकड़ी की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों की कमर से एक-एक लोडेड देसी कट्टा बरामद किया गया। इसके अलावा उनकी जेब से एक-एक जिंदा कारतूस भी मिला। पुलिस ने दोनों के पास से तीन स्मार्टफोन जब्त किए हैं।
हथियार रखने के कारणों की जांच
गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास और हथियार रखने के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों हथियार और कारतूस रखने के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
सदर SDPO ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल किसी आपराधिक घटना में किया जाना था या नहीं।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)





