बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राज्यभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने की घोषणा की है। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने चलेगा। इस दौरान पार्टी सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी।
अभियान के पहले दिन 17 सितंबर को भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेतृत्व में प्रदेशभर में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। वहीं, केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थी अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करेंगे।

बीजेपी के मुताबिक, अभियान के तहत 13 बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यकर्ता पंचायत से जिला स्तर तक जनता से संवाद कर सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।
अभियान का प्रमुख आकर्षण राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के छह छंदों का सामूहिक गायन होगा। इसमें सांसदों से लेकर पंचायत स्तर तक के लाखों जनप्रतिनिधियों के शामिल होने का दावा किया गया है। इस आयोजन को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने के लिए टीम की मौजूदगी भी प्रस्तावित है।
@MUSKAN KUMARI






