सुपौल: जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की पिछली बैठक में सदस्यों द्वारा उठाए गए जनहित से जुड़े मुद्दों और प्रस्तावों के अनुपालन को लेकर शनिवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उप विकास आयुक्त (DDC) इन्द्रवीर कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।

बैठक के दौरान पूर्व बैठक में उठाए गए जनहित से जुड़े मुद्दों और प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई की कंडिकावार समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से अनुपालन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और लंबित मामलों पर अविलंब आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य, विद्युत, सिंचाई, पश्चिमी तटबंध, शिक्षा और नगर निकायों से संबंधित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सुपौल पथ प्रमंडल, ग्रामीण कार्य प्रमंडल, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, सिंचाई प्रमंडल और पश्चिमी तटबंध प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सहित जिला शिक्षा पदाधिकारी और नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी मौजूद रहे।

जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। DDC ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर अनुपालन सुनिश्चित करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि आम जनता को इसका लाभ मिल सके।
@MUSKAN KUMARI





