फॉर्म के नाम पर ₹10,800 वसूले, फिर 90% छात्र फेल! पटना के चाणक्या कॉलेज में बवाल

पटना जिले के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के रकसिया स्थित चाणक्या कॉलेज ऑफ एजुकेशन में बीएससी नर्सिंग के परीक्षा परिणाम को लेकर शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। रिजल्ट से नाराज सैकड़ों छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और रकसिया गांव के पास बिक्रम-पालीगंज SH-2 मुख्य मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

प्रदर्शनकारी छात्रों का दावा है कि इस बार कॉलेज के करीब 90 फीसदी बीएससी नर्सिंग छात्र फेल हो गए हैं। छात्रों के मुताबिक, पढ़ाई में अच्छे और टॉपर श्रेणी के विद्यार्थियों को भी बेहद कम अंक मिले हैं। इससे छात्रों में भारी नाराजगी है।

छात्रा अंजली कुमारी समेत अन्य विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का कहना है कि सेंटर मैनेजमेंट और परीक्षा फॉर्म के नाम पर प्रति छात्र 10,800 रुपये लिए गए, लेकिन इसके बावजूद परीक्षा प्रक्रिया और परिणाम को लेकर लापरवाही बरती गई।

Ad.
Ad.

छात्रों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, परीक्षा कॉपियों के दोबारा मूल्यांकन और दोषी पाए जाने वाले लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि रिजल्ट में कथित गड़बड़ी से सैकड़ों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

हंगामे की सूचना पर अपर थाना अध्यक्ष बिट्टू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छात्रों को समझाकर सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात बहाल हुआ। कॉलेज प्रबंधन ने मीडिया से बात करने से इनकार किया है। हालांकि, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कॉलेज प्रशासन सोमवार को छात्रों के साथ वार्ता के लिए तैयार हुआ है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल