बिहार के शहरी विकास, आवास एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नीतीश मिश्रा के सामने शनिवार को पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप डेवलपमेंट प्लान 2047 को लेकर किसानों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लैंड पूलिंग के मुद्दे पर आयोजित बैठक में किसानों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस हो गई, जिसके बाद स्थिति कुछ देर के लिए झड़प तक पहुंच गई।
किसानों का आरोप है कि टाउनशिप के लिए उनकी जमीन बिना सहमति के लेने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि लैंड पूलिंग की प्रक्रिया और जमीन के बदले मिलने वाले लाभ को लेकर उन्हें पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई है। बैठक के दौरान किसानों ने अधिकारियों के सामने अपनी आपत्तियां रखीं और जमीन लेने की प्रक्रिया का विरोध किया।

पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप डेवलपमेंट प्लान 2047 के तहत पटना के आसपास सुनियोजित नए शहरी क्षेत्र विकसित करने की योजना है। इसमें आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों के साथ सड़क, परिवहन, जलापूर्ति, सीवरेज, बिजली और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके लिए लैंड पूलिंग के जरिए जमीन जुटाने की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।
किसानों ने कहा कि वे विकास के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन जमीन लेने से पहले सहमति, पारदर्शी प्रक्रिया और मुआवजे या मिलने वाले लाभ को लेकर स्पष्टता जरूरी है। विरोध के बाद अधिकारियों ने किसानों की आपत्तियां सुनीं, लेकिन बैठक में हुए हंगामे से माहौल तनावपूर्ण हो गया।
@MUSKAN KUMARI






