बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार गांधी मैदान में तिरंगा फहराने के बाद सम्राट चौधरी ने राज्य की ऊर्जा व्यवस्था को लेकर सरकार का विजन सामने रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार बिजली उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य कम लागत में बिजली उत्पादन बढ़ाना और आम लोगों को सस्ती बिजली उपलब्ध कराना है।
सम्राट चौधरी ने बताया कि बिहार में लोगों को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है। इस योजना पर सरकार हर साल करीब 23 हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी सब्सिडी को देखते हुए सरकार अब कम लागत में बिजली उत्पादन बढ़ाने पर जोर दे रही है।
मुख्यमंत्री ने रूफटॉप सोलर के विस्तार की भी बात कही। ज्यादा से ज्यादा घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाने से बिजली की मांग का दबाव कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है।

किसानों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें महज 55 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि 60 लाख से अधिक किसानों को डिजिटल माध्यम से सरकार से जोड़ा गया है।
वहीं, गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मैदान को चार सेक्टरों में बांटा गया और 62 स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई। दर्शकों की सुविधा के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार और बारिश से बचाव के लिए करीब 80 हजार वर्गफीट क्षेत्र में शेड की व्यवस्था की गई थी।
मुख्यमंत्री के संदेश में सस्ती बिजली, रूफटॉप सोलर और बिजली उत्पादन बढ़ाकर बिहार को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने पर जोर रहा।
@MUSKAN KUMARI






