पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए की हार पर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है और सभी राजनीतिक दलों को उसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम उम्मीद के विपरीत रहे हैं, इसलिए इसकी विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
श्रवण कुमार ने कहा कि जनता ने जो फैसला दिया है, उसे स्वीकार करना लोकतांत्रिक परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि जनता दल (यू) अपने स्तर पर चुनाव परिणामों की समीक्षा करेगा, जबकि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन भी हार के कारणों का विश्लेषण करेगा। समीक्षा के बाद आगे की रणनीति और संगठनात्मक फैसले लिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार के लिए चुनाव में जीत और हार लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। सरकार ने हर वर्ग, हर परिवार और सभी धर्मों तथा जातियों के लोगों के लिए काम किया है। इसके बावजूद यदि अपेक्षित परिणाम नहीं मिले हैं, तो यह जानना जरूरी है कि आखिर चूक कहां हुई।

मंत्री ने कहा कि हार के कई संभावित कारण हो सकते हैं, लेकिन बिना विस्तृत समीक्षा के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। समीक्षा पूरी होने के बाद ही स्पष्ट रूप से बताया जा सकेगा कि किन कारणों से यह परिणाम सामने आया।
गौरतलब है कि पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जनसुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19,324 मतों के अंतर से हराया। प्रशांत किशोर को 64,117 वोट (49.23 प्रतिशत) मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार को 44,794 वोट (34.40 प्रतिशत) प्राप्त हुए। राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता 14,263 वोट (10.95 प्रतिशत) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
@MUSKAN KUMARI





