पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पटना के दानापुर स्थित नासरीगंज घाट से पानापुर घाट के बीच निःशुल्क स्टीमर (फेरी) सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर सेवा की शुरुआत की और स्टीमर का निरीक्षण कर यात्रियों से भी बातचीत की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नासरीगंज-पानापुर फेरी सेवा शुरू होने से गंगा पार आवागमन आसान होगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क रहेगी।
इस फेरी सेवा से दानापुर प्रखंड के दियारा क्षेत्र की छह ग्राम पंचायतों—पुरानी पानापुर, मानस, कासिमचक, हेतनपुर, गंगहारा और पतलापुर—के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। मानसून के दौरान पीपा पुल हट जाने से लोगों को गंगा पार करने में होने वाली कठिनाइयों और जोखिम से राहत मिलेगी।
फेरी सेवा का लाभ क्षेत्र के किसानों, सब्जी-फल और दुग्ध उत्पादकों को भी मिलेगा। इससे कृषि और डेयरी उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना आसान होगा, जिससे स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

दियारा क्षेत्र के 58 विद्यालयों, 95 आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों और पंचायत कार्यालयों में कार्यरत शिक्षकों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य कर्मचारियों के लिए भी यह सेवा आवागमन का सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प बनेगी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधान परिषद सदस्य अनामिका सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव संजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
@MUSKAN KUMARI





