बिहार के भोजपुर जिले के आरा शहर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। नवादा थाना क्षेत्र स्थित मिनिस्टीरियल क्वार्टर के एक बंद मकान में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर नकदी, सोने के आभूषण, लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित परिवार ने चोरी में करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति के नुकसान का दावा किया है। घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
पीड़ित बजरंगी प्रसाद गुप्ता, जो मिनिस्टीरियल प्लांट क्वार्टर संख्या 08/A के निवासी हैं, ने नवादा थाना में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि वह अपनी बेटी के जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए परिवार के साथ पटना गए थे। करीब दो दिन बाद 2 अगस्त को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान की खिड़की टूटी हुई है और घर का सामान बिखरा पड़ा है।
पीड़ित के अनुसार, चोर घर से 1.80 लाख रुपये नकद, करीब 98 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, एक लैपटॉप और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। उन्होंने चोरी से हुए कुल नुकसान का अनुमान करीब एक करोड़ रुपये बताया है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही नवादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। हालांकि, चोरी गए सामान और नुकसान की वास्तविक कीमत पुलिस जांच और सत्यापन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना के बाद मिनिस्टीरियल क्वार्टर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
@MUSKAN KUMARI






