पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। निर्वाचन आयोग के 18वें राउंड के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, प्रशांत किशोर भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा से 10,436 वोटों की बढ़त के साथ पहले स्थान पर हैं।
18वें राउंड तक मिले आंकड़ों के मुताबिक, प्रशांत किशोर को 35,713 वोट, भाजपा के नीरज सिन्हा को 25,277 वोट, जबकि राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 9,316 वोट मिले हैं। स्कूल बैग चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर हर राउंड के साथ अपनी बढ़त मजबूत करते जा रहे हैं, जबकि भाजपा दूसरे और राजद तीसरे स्थान पर बनी हुई है।
करीब 1.30 लाख मतदाताओं वाली इस सीट पर कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से जन सुराज, भाजपा और राजद के बीच माना जा रहा है। लगातार बढ़ती बढ़त ने बांकीपुर की सियासी तस्वीर बदल दी है और इसे बिहार की राजनीति के लिए अहम संकेत माना जा रहा है।

बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ रही है। ऐसे में यदि अंतिम नतीजों में यह सीट भाजपा के हाथ से निकलती है, तो इसे पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जाएगा। वहीं पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे प्रशांत किशोर के लिए यह प्रदर्शन उनकी राजनीतिक स्वीकार्यता और जनसमर्थन का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
हालांकि, मतगणना अभी जारी है और अंतिम परिणाम आना बाकी है। ऐसे में सभी की नजरें अब शेष राउंड की गिनती और अंतिम नतीजों पर टिकी हैं।
@MUSKAN KUMARI






