राजधानी पटना में यातायात व्यवस्था को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए बिहार पुलिस मुख्यालय ने बड़ा फैसला लिया है। अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) सुधांशु कुमार ने ट्रैफिक ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब सिपाही, हवलदार और ASI रैंक के पुलिसकर्मी सड़क पर खुद से वाहनों को रोककर कागजात की जांच नहीं करेंगे।
ADG ने स्पष्ट किया कि वाहनों में बैठकर या आड़ में रहकर चेकिंग करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि निचले स्तर के कर्मचारी जांच के नाम पर लोगों को परेशान करते हैं और मनमानी करते हैं।
सिर्फ निचले स्तर के कर्मचारियों ही नहीं, बल्कि चेकिंग अभियान की जिम्मेदारी संभालने वाले इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों को भी चेतावनी दी गई है। यदि वे वाहन में बैठकर या ट्रैफिक पोस्ट पर रहकर अधीनस्थ कर्मचारियों से चेकिंग कराते पाए गए, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

पुलिस मुख्यालय का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य चेकिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना, अवैध वसूली पर रोक लगाना और आम लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाना है। इससे बेवजह लगने वाले ट्रैफिक जाम में भी कमी आने की उम्मीद है।
ADG सुधांशु कुमार ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ट्रैफिक नियमों का पालन पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कराया जाए। आदेश का उल्लंघन करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।





