पटना के पंडारक थाना क्षेत्र में ग्रामीण पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। इस दौरान कुख्यात अपराधी दयानंद पासवान उर्फ सुरेश पासवान और उसके पुत्र अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में घर पर हथियार जमा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर भगवतीपुर करमौर गांव में छापेमारी की गई, जहां से तीन देशी कट्टे, एक 7.65 एमएम पिस्टल, 138 से अधिक जिंदा कारतूस, मैगजीन, पांच प्लास्टिक बॉक्स, ₹56,200 नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी दयानंद पासवान पर पहले से हत्या, लूट और डकैती जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से आए और उनका संबंध किसी बड़े आपराधिक गिरोह से है या नहीं।
पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना टल गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
@MUSKAN KUMARI





