बिहार के नवादा जिले में बिजली का टोका (फ्यूज) ठीक करने के दौरान करंट लगने से 69 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा नरहट थाना क्षेत्र के ओलीपुर गांव में हुआ। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी रामस्वरूप महतो उर्फ महतो जी (69) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, घर में बिजली नहीं आने पर बहू ने इसकी सूचना दी, जिसके बाद रामस्वरूप महतो बाहर लगे टोका को ठीक करने निकले। इसी दौरान नाली के पास पड़ा विद्युत प्रवाहित टूटा हुआ तार उनकी चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
चीख-पुकार सुनकर परिजन और पोता मौके पर पहुंचे तथा उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही नरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से टूटे और जर्जर बिजली के तारों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
@MUSKAN KUMARI





