बिहार कैडर के 2005 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दिवेश सेहरा को केंद्र सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें भारत सरकार के वित्तीय सेवाएं विभाग (Department of Financial Services), नई दिल्ली में संयुक्त सचिव (Joint Secretary) के पद पर नियुक्त किया गया है। इस संबंध में बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने अधिसूचना जारी करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से विरमित (Relieve) कर दिया है, ताकि वे केंद्र में अपना कार्यभार ग्रहण कर सकें।
28 जुलाई 2026 को सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह आदेश बिहार के राज्यपाल की स्वीकृति के बाद जारी किया गया। विभाग के अवर सचिव सिद्धेश्वर चौधरी ने औपचारिक पत्र जारी कर दिवेश सेहरा को नए पद पर योगदान देने का निर्देश दिया है।
दिवेश सेहरा फिलहाल बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे। इसके अलावा उनके पास जांच आयुक्त (Inquiry Commissioner) का अतिरिक्त प्रभार भी था। प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता को देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें वित्तीय सेवाओं जैसे अहम विभाग में जिम्मेदारी सौंपी है।

यह नियुक्ति भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के 24 जुलाई 2026 के आदेश और मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति की स्वीकृति के बाद की गई है। राज्य सरकार ने नियमानुसार उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कार्यभार ग्रहण करने के लिए रिलीव कर दिया है।
इस संबंध में जारी अधिसूचना की प्रतिलिपि बिहार राजपत्र, राजभवन, मुख्यमंत्री सचिवालय, मुख्य सचिव, महालेखाकार, वित्त विभाग, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) तथा अन्य संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
@MUSKAN KUMARI





