पटना: बिहार में पर्यटन को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (BSTDC) और Welcomhotel by ITC के बीच राजगीर स्थित होटल अजातशत्रु के संचालन के लिए एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
समझौते पर आईटीसी समूह के प्रबंध निदेशक अनिल चड्डा और कलशी बिल्डकॉन के निदेशक सुमित सिंह कल्शी ने हस्ताक्षर कर दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। राजगीर, नालंदा और बोधगया जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों पर विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।

प्रस्तुतीकरण के दौरान बताया गया कि लगभग 2.67 एकड़ क्षेत्र में फैले होटल अजातशत्रु का संचालन Welcomhotel by ITC ब्रांड के तहत किया जाएगा। होटल में 104 आधुनिक कमरे, एक बड़ा बैंक्वेट हॉल और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आतिथ्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस परियोजना को 1 मार्च 2027 तक पूरा कर परिचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से राजगीर की पहचान अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत होगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और आईटीसी समूह के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
@MUSKAN KUMARI





