पटना में राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के राज्य कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने संगठन विस्तार और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं।
पार्टी ने वरिष्ठ नेता महताब आलम को बिहार प्रदेश का प्रधान महासचिव और सुनील कुमार सिन्हा को मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया। इस दौरान बांकीपुर उपचुनाव के पार्टी प्रत्याशी तनवीर आलम का माला पहनाकर स्वागत किया गया और उनके चुनाव अभियान के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

पशुपति कुमार पारस ने कहा कि राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी और दलित सेना बांकीपुर उपचुनाव में पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुटी हैं। उन्होंने दावा किया कि दलित, महादलित, पासवान समाज समेत वंचित वर्गों का पार्टी को व्यापक समर्थन मिल रहा है। साथ ही, मुस्लिम समुदाय से आने वाले प्रत्याशी तनवीर आलम को भी जनता का अच्छा समर्थन और विश्वास प्राप्त हो रहा है।

उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता ऐसी राजनीति चाहती है, जो समाज के हर वर्ग को सम्मान, भागीदारी और न्याय दे। पार्टी ने मतदाताओं से सामाजिक सौहार्द, समान अधिकार और क्षेत्र के विकास के लिए तनवीर आलम के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी चंदन कुमार, प्रदेश महासचिव राजेंद्र विश्वकर्मा, चंदन गांधी, दलित सेना के प्रदेश महासचिव राधाकांत पासवान, शिवनाथ पासवान, व्यावसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शमीम आलम और अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जितेंद्र पासवान सहित कई नेता मौजूद रहे।
@MUSKAN KUMARI






