पटना में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चर्चित बंटी यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी रवीश कुमार उर्फ ‘बीसी’ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दीघा-एम्स मरीन ड्राइव के पास गंगा किनारे कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने या शहर से फरार होने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, घिरने के बाद रवीश उर्फ ‘बीसी’ ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसके कुछ साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।
घटना के बाद पुलिस ने मरीन ड्राइव और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, ताकि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके। बंटी यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को पटना पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
@MUSKAN KUMARI






