बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के मुख्य चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। इस कार्यालय से चुनाव से जुड़े सांगठनिक कार्यों, जनसंपर्क अभियानों और रणनीतिक बैठकों का संचालन किया जाएगा।
उद्घाटन के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने बांकीपुर में रिकॉर्ड मतों से जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि बांकीपुर हमेशा से बीजेपी का मजबूत गढ़ रहा है और इस उपचुनाव में पार्टी पिछली जीत के सभी रिकॉर्ड तोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करने और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
नितिन नवीन ने बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने अपने जमीनी और समर्पित कार्यकर्ता को चुनावी मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष को प्रत्याशी बनाना यह दर्शाता है कि बीजेपी में मेहनत और निष्ठा को सम्मान दिया जाता है।

बांकीपुर की जनता से भावुक अपील करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि जिस तरह क्षेत्र की जनता ने उन्हें हमेशा प्यार, स्नेह और आशीर्वाद दिया, उसी तरह उनके छोटे भाई समान नीरज सिन्हा को भी समर्थन दें।
उन्होंने कहा कि बीजेपी विकास और सुशासन के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी। सड़क, बिजली और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को लेकर पार्टी मतदाताओं से समर्थन मांगेगी और उपचुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।
@MUSKAN KUMARI





