गोपालगंज: बिहार की सियासत के चर्चित बाहुबली नेता और मोकामा विधायक अनंत सिंह उर्फ छोटे सरकार सोमवार को गोपालगंज सिविल कोर्ट की ACJM अदालत में पेश हुए। उनके साथ भोजपुरी गायक गुंजन सिंह भी अदालत पहुंचे। दोनों ने अश्लील डांस कराने और सार्वजनिक रूप से हथियार लहराने से जुड़े मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत बेल बॉन्ड दाखिल किया।
यह मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में आयोजित एक जनेऊ संस्कार समारोह से जुड़ा है। आरोप है कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अश्लील डांस कराया गया और खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन किया गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था। इस केस में अनंत सिंह और गुंजन सिंह समेत कुल सात लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
गिरफ्तारी की आशंका के बीच दोनों आरोपियों ने पहले ही अदालत का दरवाजा खटखटाया था। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें अग्रिम जमानत दे दी थी। सोमवार को उसी आदेश के अनुपालन में दोनों अदालत में हाजिर हुए और बेल बॉन्ड दाखिल कर कानूनी औपचारिकता पूरी की।

अनंत सिंह की हाई-प्रोफाइल पेशी को देखते हुए गोपालगंज व्यवहार न्यायालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। हालांकि, पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
फिलहाल मामले की सुनवाई अदालत में जारी है। अब इस बहुचर्चित मामले में आगे की न्यायिक प्रक्रिया पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
@MUSKAN KUMARI





