बिहार के सीतामढ़ी जिले में सीएसपी संचालक से हुई लूटकांड के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूटकांड के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर घायल कर दिया, जबकि उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हथियार, कारतूस और लूटी गई बाइक भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले रीगा थाना क्षेत्र के अन्हारी गांव में सीएसपी केंद्र बंद कर घर लौट रहे संचालक से लूट की वारदात हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित रंजन के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। इसी दौरान नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि हुसैना पुल के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की, जिसमें चार आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, गिरोह का मुख्य आरोपी सफेद रंग की अपाचे बाइक से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की।

घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान फेकन कुमार के रूप में हुई है।
गिरफ्तार अन्य आरोपियों की पहचान चंदन कुमार उर्फ फेकन कुमार (परसौनी), कमलेश कुमार, अविनाश कुमार (चकमहिला, नगर थाना) तथा लड्डू कुमार (बल्हा, मीनापुर, शिवहर) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी कट्टे, एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और परसौनी थाना क्षेत्र से लूटी गई सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उनका संबंध किसी बड़े आपराधिक गिरोह से है या नहीं। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
@MUSKAN KUMARI





