बिहार के शहरी विकास को नई दिशा देने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग तथा हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के बीच राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के विकास के लिए ₹1 लाख करोड़ के दीर्घकालिक वित्तपोषण संबंधी मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
मुख्यमंत्री के समक्ष नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने एमओयू का आदान-प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समझौता बिहार के शहरी विकास के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा और राज्य में आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सैटेलाइट टाउनशिप विकसित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में इन टाउनशिप का विकास किया जाएगा। किसानों को लैंड पुलिंग मॉडल के माध्यम से इस परियोजना में भागीदार बनाया जाएगा और मुआवजे के लिए आवेदन करने वाले किसानों को 30 दिनों के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि HUDCO के माध्यम से ₹1 लाख करोड़ का निवेश किया जाएगा, जबकि इसके अलावा करीब ₹6 लाख करोड़ का अतिरिक्त निवेश निजी और अन्य स्रोतों से आने की उम्मीद है।

सरकार का कहना है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से बिहार के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा, निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित होंगे। इन टाउनशिप में आधुनिक सड़क नेटवर्क, पेयजल, सीवरेज, बिजली, हरित क्षेत्र, शिक्षा, स्वास्थ्य, वाणिज्यिक केंद्र और अन्य विश्वस्तरीय नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार योजनाबद्ध, संतुलित और समावेशी शहरीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। HUDCO के साथ हुआ यह समझौता राज्य को आधुनिक शहरी विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में शहरीकरण का लक्ष्य 35 प्रतिशत तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
@MUSKAN KUMARI






