पटना: डॉक्टर्स डे के अवसर पर दानापुर स्थित ओपन माइंड्स ए बिरला स्कूल में बुधवार को विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने छात्रों से संवाद कर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
कार्यक्रम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कविता सिंह, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. हैदर, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रिंकी सिंह तथा डॉ. निधि कुमारी ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। चिकित्सकों ने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से सवाल पूछे। डॉक्टरों ने बच्चों की जिज्ञासाओं का सरल भाषा में समाधान करते हुए उन्हें मोबाइल और स्क्रीन टाइम सीमित रखने, जंक फूड से दूरी बनाने तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी।

विद्यालय के प्राचार्य पलजिंदर पाल और उप-प्राचार्या पूनम पांडे ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
@MUSKAN KUMARI





