कटिहार: जिले के समेली प्रखंड क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बखरी बालू टोला के पास भैंस को बचाने के प्रयास में एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में स्कॉर्पियो पर सवार 10 यात्रियों में से 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल बरारी थाना क्षेत्र के शिशिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग खगड़िया जिले से लड़के का छेका (सगाई) समारोह संपन्न कर स्कॉर्पियो से अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब 9 बजे बखरी बालू टोला के समीप अचानक सड़क पार कर रही एक भैंस को बचाने के दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद स्कॉर्पियो सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थाना के एसआई धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, समेली पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए कटिहार सदर अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस ने हादसे की सूचना घायलों के परिजनों को दे दी है। घटना की खबर मिलते ही परिवारों में चिंता का माहौल है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह सड़क पर अचानक आए पशु को बचाने के प्रयास में वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।
@MUSKAN KUMARI






