भोजपुर में बेकाबू ट्रेलर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, दोनों की मौत; आक्रोशित भीड़ ने किया बवाल

भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा चरपोखरी थाना क्षेत्र के बालबांध गांव स्थित सूर्य मंदिर के समीप हुआ। दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया, ट्रेलर में तोड़फोड़ की और पुलिस पर पथराव भी किया, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवारों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

 

आक्रोशित भीड़ ने हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रेलर को घेरकर उसमें जमकर तोड़फोड़ की। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब मौके पर पहुंची चरपोखरी थाना पुलिस भी लोगों के गुस्से का शिकार बन गई। उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिससे पुलिस जीप के शीशे टूट गए। कुछ समय तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बनी रही।

Ad.
Ad.

 

ग्रामीणों का आरोप है कि नो-एंट्री लागू होने के बावजूद भारी वाहनों का बेरोकटोक परिचालन हो रहा है, जिसके कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन नहीं कराया जा रहा है।

 

घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है। स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल