प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 135वां एपिसोड रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में सामूहिक रूप से सुना गया। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, पूर्व मंत्री नीरज कुमार बबलू, महाचंद्र प्रसाद सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने बिहार के नालंदा विश्वविद्यालय का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सबसे प्राचीन विश्वविद्यालय अब नए स्वरूप में फिर से ज्ञान और संवाद की परंपरा को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शास्त्रार्थ की भारतीय परंपरा को पुनर्जीवित करने के साथ युवाओं को बेहतर शिक्षा और विचार-विमर्श का मंच प्रदान करेगा।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आगामी गणेश उत्सव में देश की मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाओं के उपयोग की अपील को स्थानीय कारीगरों और पर्यावरण दोनों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
वहीं, नीरज कुमार बबलू ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारतीय संस्कृति और संस्कृत भाषा के वैश्विक प्रभाव का उल्लेख किया। इसके अलावा पीएम मोदी ने नांदेड़ के एक परिवार द्वारा विवाह समारोह में 3500 लोगों का दुर्घटना बीमा कराने की सराहना की और बीमा योजनाओं से अधिक लोगों को जुड़ने की अपील की। उन्होंने भारतीय नौसेना में शामिल तीन नए युद्धपोतों का भी उल्लेख करते हुए देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को भारत की बड़ी उपलब्धि बताया।
@MUSKAN KUMARI





