पटना यूनिवर्सिटी के ऐतिहासिक साइंस कॉलेज परिसर में सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निरीक्षण के दौरान एक दिलचस्प दृश्य देखने को मिला। निरीक्षण के बीच एक छात्र की आवाज़ पर मुख्यमंत्री रुक गए और उसकी समस्याएं सुनीं। छात्र निक्की कुमार, जो पटना साइंस कॉलेज में बीएससी केमिस्ट्री द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी और कॉलेज काउंसलर हैं, ने मुख्यमंत्री को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण, खेल मैदान के आधुनिकीकरण, छात्राओं के लिए 100 बेड वाले हॉस्टल, स्टैटिस्टिक्स और मैथमेटिक्स विभाग के लिए अलग शैक्षणिक भवन तथा वर्ष 2003 से लंबित नॉन-टीचिंग स्टाफ की बहाली की मांग की गई।

मुख्यमंत्री ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए छात्र को भरोसा दिलाया कि उसकी मांगों पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने पटना साइंस कॉलेज परिसर में यूनिवर्सिटी ऑफ फिजिक्स एंड साइंसेज की स्थापना की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह संस्थान विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में उच्चस्तरीय शिक्षा और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री के आश्वासन और नई विश्वविद्यालय की घोषणा के बाद अब छात्रों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कॉलेज के विकास और लंबित मांगों पर सरकार कितनी तेजी से अमल करती है।
@MUSKAN KUMARI






