कानपुर: शहर के व्यस्ततम मेस्टन रोड पर स्थित एक जर्जर इमारत स्थानीय निवासियों के लिए खतरे का सबब बन गई है। इमारत की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि इसके कभी भी ढहने की आशंका बनी हुई है, जिससे किसी बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय निवासी सरताज अहमद के अनुसार, नगर निगम ने वर्ष 2018 में ही इस इमारत को खतरनाक घोषित करते हुए इसे ध्वस्त करने के आदेश जारी किए थे। हालांकि, किसी कारणवश उस समय यह कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। अब वर्ष 2026 में इमारत की स्थिति और भी जर्जर हो गई है और यह गिरने की कगार पर पहुंच चुकी है।

स्थानीय लोगों की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि इस इमारत के ठीक समीप एक गुरुद्वारा स्थित है, जहां देर रात और तड़के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है। लोगों का कहना है कि यदि इसी दौरान इमारत भरभराकर गिर गई तो बड़ा हादसा हो सकता है और जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है।
निवासियों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि इस खतरनाक इमारत को जल्द से जल्द सुरक्षित तरीके से गिराया जाए ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
सूत्रों के मुताबिक, मामला संज्ञान में आने के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, एहतियात के तौर पर इमारत के बाहर चेतावनी बोर्ड लगाया गया है, लेकिन स्थानीय लोग प्रशासन की ठोस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

बाइट – सरताज अहमद (स्थानीय निवासी)
“नगर निगम ने 2018 में इस इमारत को खतरनाक घोषित किया था, लेकिन आज तक इसे गिराया नहीं गया। पास ही गुरुद्वारा है, जहां रात में श्रद्धालुओं का आना-जाना रहता है। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि इसे तुरंत गिरवाया जाए ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।”
@MUSKAN KUMARI






